हिंदी में बेहतर भविष्य

हिंदी में बेहतर भविष्य

अभी तक बेहतर करिअर की नसीहत देने वाले अक्सर अंग्रेजी ज्ञान को बेहतर बनाने और इसी भाषा में अच्छे भविष्य की गारंटी देते थे लेकिन बदलती हुई इस दुनिया में जहां हिंदी भाषियों की संख्या विश्व में दूसरे नंबर पर है की वजह से निर्मित हो रहे बाजार ने हिंदी को भी बेहतर करिअर के रूप में स्थापित कर दिया है। हिंदी अब सरकारी क्षेत्र से बाहर निकल कर निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की भी आवश्यकता बन गई है और इंटरनेट पर इस भाषा के लगातार बढ़ते पोर्टल्स ने इस भाषा में दक्षता रखने वालो की मांग में आमूल बढ़ोतरी कर दी है। हिंदी पढ़ने समझने और इसी क्षेत्र में करिअर बनाने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अब यह एक बेहतरीन अवसर की तरह विकसित हो रही है। 

कौन कौन से कोर्स?
हिंदी में बेहतर संभावनाओं के मद्देनजर अब देश के तमाम विश्वविद्यालय इसके विशेष पहलू से संबंधित पाठ्यक्रम आॅफर कर रहे हैं। कुछ परम्परागत पाठ्यक्रम भी इस दिशा में बेहतर साबित हो सकते हैं। हिंदी में अपने ज्ञान को बेहतर बनाने के लिए इस विषय में स्नातक के अलावा व्याकरण, शैक्षणिक हिंदी, हिंदी अनुवाद, हिंदी साहित्य, रचना लेखन, स्क्रिप्ट राइटिंग, काॅपी राइटिंग जैसे विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की जा सकती है। इसके अलावा भी ढेरों संस्थान विभिन्न पहलुओं पर ढेरों कोर्सेज में समय समय पर आवेदन आमंत्रित करते रहते हैं। हिंदी में दुनिया के कई देश फैलोशिप और स्काॅलरशिप आॅफर भी देते रहते हैं जो पूरी दुनिया का दरवाजा आपके लिए खोल देता है। 

कहां से करें कोर्स?
वैसे तो हरेक राज्य में स्थित विश्वविद्यालय भाषा आधारित पाठ्यक्रम को अपनी गतिविधि का प्रमुख हिस्सा रखते हैं लेकिन कुछ विश्वविद्यालय एवं संस्थान हिंदी में अपने बेहतर कोर्सेज के लिए जाने जाते हैंः
1. अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय पंचटीला, वर्धा (महाराष्ट्र)
2. हिंदी विभाग, हैदराबाद विश्वविद्यालय हैदराबाद
3. उच्चतर शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, टी.नगर, चेन्नई
4. दिल्ली विश्वविद्यालय, दिल्ली
5. पुणे विश्वविद्यालय, पुणे (महाराष्ट्र)
6. बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी
7. अविनाशलिंगम डीम्ड यूनिवर्सिटी फॉर वूमैन, कोयम्बटूर 
8. माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल 
9. आंध्र विश्वविद्यालय, विशाखापत्तनम 
10. चैधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ 
11. दूरस्थ शिक्षण संस्थान, केरल विश्वविद्यालय, त्रिवेंद्रम
12. दूरस्थ शिक्षा, बंगलौर यूनिवर्सिटी, सेंट्रल कॉलेज कैम्पस, अम्बेडकर विथि, बंगलौर
13. एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय, मुंबई
14. अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़ (उ.प्र.)
15. इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली

कौन-कौन से हैं अवसर?

हिंदी में महारथ और डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों को केन्द्र और राज्य सरकार के कार्यालयों में बतौर हिंदी भाषा अधिकारी, सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी, शिक्षक तथा अनुवादक के तौर पर कार्य करने का अवसर मिल सकता है। इसके अलावा सार्वजनिक क्षेत्र में लैंग्वेज इंटरप्रेटर, अनुवादक और हिंदी भाषी क्षेत्रों में लिंक आॅफिसर की भूमिका का निर्वाह करने का मौका मिलता है। निजी क्षेत्र में इस भाषा के विशेषज्ञों के लिए ढेरों नये अवसर हैं, वेबसाइट कंटेट राइटर, काॅपी राइटर, अनुवादक, इंटरप्रेटर, स्क्रिप्ट राइटर, प्रूफ रीडर, हिंदी टेलीकाॅलर और शिक्षण के तौर पर करिअर बनाने का अवसर मिलता है। 
-----

Comments